डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि, बलिदान दिवस के रूप में किया गया स्मरण
मुंगेली । भारतीय जनसंघ के संस्थापक और भाजपा के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को सोमवार को बलिदान दिवस के रूप में भाजपा कार्यालय मुंगेली में श्रद्धा भाव से मनाया गया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके राष्ट्रनायक जीवन पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर भाजपा लोकतंत्र सेनानी एवं वरिष्ठ नेता द्वारिका जायसवाल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा, “डॉ. मुखर्जी जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाना चाहते थे। उन्होंने संसद में धारा 370 को हटाने की पुरज़ोर वकालत की थी।” उन्होंने याद दिलाया कि अगस्त 1952 में एक विशाल जनसभा में मुखर्जी ने संकल्प लिया था – “या तो मैं आपको भारतीय संविधान दिलाऊंगा, या इसके लिए अपना बलिदान दूंगा।”
जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रदेश आईटी सेल कार्यसमिति सदस्य सुनील पाठक ने जानकारी दी कि डॉ. मुखर्जी 1953 में बिना परमिट के जम्मू-कश्मीर गए थे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। 23 जून 1953 को जेल में रहस्यमय परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हो गई, जिससे देशभर में रोष फैल गया और अंततः परमिट प्रणाली को समाप्त कर दिया गया।
नगर मण्डल के पूर्व महामंत्री रामशरण यादव ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन चरित्र सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और युवाओं को इसे आत्मसात करना चाहिए। युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य यश गुप्ता ने मुखर्जी के प्रसिद्ध नारे – “एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे” – को दोहराते हुए कहा कि यही संकल्प आज भी पार्टी की प्रेरणा बना हुआ है।
इस दौरान गणेश बाजपेयी, जिला कार्यालय मंत्री कोटूमल दादवानी, सरस्वती सोनी, श्वेता सोनी, गायत्री भोई, रितिमा लाल, यशोदा यादव, रमेश बुनकर, विजय यादव, सुनील सोनी, हीरालाल साहू, शैलेंद्र यादव, अनूप जैन, होरीलाल सोनकर, राहुल पाठक, रविंद्र केशरवानी, प्रमोद जांगड़े, विजेंद्र देवांगन, पवन मिश्रा, संतोष लखवानी, हरीश दरड़ा, सचिन यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन नगर मण्डल महामंत्री मन्नूलाल श्रीवास्तव ने किया तथा आभार महामंत्री महावीर सिंह ने व्यक्त किया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
