राशनकार्डधारियों का 30 जून तक ई-केवाईसी अनिवार्य
मुंगेली । ‘एक राष्ट्र एक राशनकार्ड’ योजना के तहत जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पंजीकृत समस्त राशनकार्डधारियों के लिए 30 जून तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में 02 लाख 54 हजार 259 राशनकार्डों में कुल 08 लाख 36 हजार 979 सदस्य पंजीकृत हैं, इनमें से अब तक 07 लाख 16 हजार 380 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है। शेष 01 लाख 20 हजार 599 सदस्यों का ई-केवाईसी किया जाना है। 05 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को ई-केवाईसी से छूट दी गई है।
ई-केवाईसी की सुविधा समस्त उचित मूल्य दुकानों में संचालित ई-पॉस मशीनों में उपलब्ध है। साथ ही, भारत सरकार द्वारा जारी मेरा ई-केवाईसी मोबाइल एप के माध्यम से भी उपभोक्ता स्वयं ई-केवाईसी कर सकते हैं। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। ई-केवाईसी के लिए हितग्राही को आधार नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होगा। खाद्य विभाग ने अपील की है कि सभी हितग्राही 30 जून तक अपना ई-केवाईसी अवश्य पूर्ण करा लें, ताकि भविष्य में खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
