बिरनपुर कांड में मृतक के नाम पर गार्डन व मूर्ति के लिए 10 लाख की घोषणा, कई विकास कार्यों का मिला सौगात
बेमेतरा । प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज एक दिवसीय प्रवास पर बेमेतरा जिले पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम करमु तथा नगर पंचायत थानखम्हरिया में विभिन्न धार्मिक और विकासात्मक कार्यक्रमों में भाग लिया। दौरे की शुरुआत ग्राम करमु से हुई, जहां उपमुख्यमंत्री ने जनसहयोग से बनने वाले माँ चंडी मंदिर के नवनिर्माण हेतु भूमि पूजन किया। इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा नगर पंचायत थानखम्हरिया पहुंचे, जहाँ लगभग 653.62 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 36 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भव्य समारोह में साजा विधायक ईश्वर साहू, दुर्ग सांसद विजय बघेल, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता चंदन अग्रवाल, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अनेक पार्षदगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद विजय बघेल ने की। दीप प्रज्वलन और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने थानखम्हरिया नगर पंचायत को 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। विकास योजनाओं की श्रृंखला में उपमुख्यमंत्री ने बिरनपुर कांड में मृतक भुनेश्वर साहू (साजा विधायक ईश्वर साहू के सुपुत्र) की स्मृति में साजा क्षेत्र में एक गार्डन और मूर्ति स्थापना के लिए 10 लाख रुपये की विशेष घोषणा भी की, जिसे उपस्थितजनों ने भावुक श्रद्धांजलि के रूप में सराहा।
मंच से संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा, नगर पंचायत थानखम्हरिया में 7 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं किसी भी क्षेत्र की दिशा और दशा बदलने में सक्षम हैं। राज्य सरकार जनता की आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील है।” उन्होंने आगे बताया कि थानखम्हरिया में एसडीओपी कार्यालय और आईटीआई कॉलेज की स्थापना को लेकर भी गंभीर प्रयास किए जाएंगे। वहीं, विधायक ईश्वर साहू ने अपने क्षेत्र के विकास के लिए 30 लाख रुपये के नवीन कार्यों की घोषणा करते हुए जनता को भरोसा दिलाया कि हर कस्बा और गांव तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
