November 23, 2026

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने ओडिशा तट पर दी दस्तक; 3 लाख लोग सुरक्षित, रेल सेवाएं भी प्रभावित

0
1795168305694


कोलकाता: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने शुक्रवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच ओडिशा के गोपालपुर तट के पास दस्तक दी। इस दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तूफान के लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी रहने के साथ ही ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है।
राहत, बचाव और रेल सेवा पर असर


बचाव कार्य: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, चक्रवात पिछले 6 घंटों में 21 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। ओडिशा में बड़े स्तर पर राहत व बचाव अभियान चलाते हुए अब तक करीब 3 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
शिविर और दल: प्रभावित लोगों के लिए 2,523 राहत शिविर बनाए गए हैं और 423 बचाव दलों को तैनात किया गया है।
रेलवे प्रभावित: तूफान के कारण पूर्वी रेलवे ने 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस चक्रवात का असर देश के 10 राज्यों में देखने को मिल सकता है।
पश्चिम बंगाल में अलर्ट और जनजीवन प्रभावित
दक्षिण 24 परगना और मिदनापुर: चक्रवात ‘अकवान’ के असर से दक्षिण 24 परगना और मिदनापुर में बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर, रायदिघी, कुलपी, मगराहाट, फाल्टा और अन्य क्षेत्रों में रात भर भारी बारिश हुई, वहीं शुक्रवार सुबह बादल छाए रहने व हल्की बूंदाबांदी से सड़कें सुनसान रहीं।
हाई अलर्ट और रोक: नदियों और समुद्र के उफान पर होने के कारण दक्षिण 24 परगना में हाई अलर्ट जारी कर मछली पकड़ने व समुद्र तट से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है तथा सिविल डिफेंस के जवान तैनात किए गए हैं। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
पर्यटन स्थल और फसल चिंता: बक्खाली और गंगासागर में पर्यटकों को पानी में जाने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी, सिविल डिफेंस की तैनाती और लाउडस्पीकर से घोषणाएं की जा रही हैं। धान के खेतों में पानी भरने से किसानों को फसल खराब होने की चिंता सता रही है। आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम खोले गए हैं और शुक्रवार को बारिश और तेज होने का पूर्वानुमान है।
मिदनापुर: जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है और बारिश के साथ घना कोहरा भी छाया हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed