October 18, 2026

अचानकमार टाइगर रिजर्व में सुरक्षा एवं संरक्षण व्यवस्था का वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा

0
IMG_20261005_173230

प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने बैगा रिजॉर्ट से केंवची मार्ग सहित बैरियर का किया निरीक्षण

मुंगेली   वन्यप्राणी सप्ताह अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत अचानकमार टाइगर रिजर्व में वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा, संरक्षण तथा प्रभावी मॉनिटरिंग व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ वन अधिकारियों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं पदेन चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन ओ.पी. यादव ने बैगा रिजॉर्ट, शिवतराई से केंवची मार्ग सहित क्षेत्र के विभिन्न वन विश्राम गृह एवं बैरियर का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्रीमती प्रियंका पाण्डेय, उप संचालक दिनेश कुमार पटेल, अचानकमार टाइगर रिजर्व, सहायक संचालक (बफर), सहायक संचालक (कोर), समस्त वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं क्षेत्रीय वन अमला उपस्थित रहा।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक ओ.पी. यादव ने निरीक्षण के दौरान वन क्षेत्रों में वन्यप्राणियों की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा के साथ नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन क्षेत्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाए रखने तथा मैदानी स्तर पर सतर्कता के साथ कार्य करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन ने संबंधित स्थलों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, वन मार्गों तथा रपटा-पुलिया के निर्माण एवं रखरखाव कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का अवलोकन कर आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। वन क्षेत्रों में आवागमन एवं मैदानी निगरानी को सुचारू बनाए रखने के लिए मार्गों एवं आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed