October 19, 2026

राष्ट्रीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला के लिए राहुल वर्मा का चयन

0
IMG-20260920-WA0029(1)

भोपाल में पांच दिवसीय कार्यशाला में राष्ट्रीय शिक्षा नीति और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर लेंगे प्रशिक्षण

मुंगेली—- पीएम श्री योजना के तहत संचालित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय दाऊपारा, मुंगेली के वाणिज्य व्याख्याता राहुल वर्मा का पांच दिवसीय राष्ट्रीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यशाला के लिए चयन हुआ है। यह कार्यशाला राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की क्षेत्रीय इकाई क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान (RIE), श्यामला हिल्स, भोपाल में आयोजित की जा रही है।

कार्यशाला में देशभर से चयनित शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल तकनीक के उपयोग तथा अनुभव आधारित एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विषयों को विद्यार्थियों के लिए अधिक व्यावहारिक, रुचिकर एवं प्रभावी तरीके से पढ़ाने की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन, समस्या समाधान क्षमता एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने वाली विभिन्न शिक्षण गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही कक्षा शिक्षण में डिजिटल संसाधनों और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी।
विद्यालय में लागू होंगी आधुनिक शिक्षण तकनीकें


प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात राहुल वर्मा द्वारा कार्यशाला में प्राप्त शैक्षणिक अनुभव एवं आधुनिक शिक्षण तकनीकों को विद्यालय में लागू किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को गतिविधि एवं अनुभव आधारित शिक्षण का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से वाणिज्य विषय की पढ़ाई को दैनिक जीवन एवं व्यावहारिक उदाहरणों से जोड़ने में सहायता मिलेगी, जिससे विद्यार्थियों में विषय के प्रति समझ और रुचि को बढ़ावा मिलेगा। राहुल वर्मा के राष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण कार्यशाला के लिए चयन पर स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय दाऊपारा की प्रभारी प्राचार्य लीला श्रीवास्तव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed