मुंगेली में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: तखतपुर-बरेला मार्ग की तत्काल मरम्मत के निर्देश
मुंगेली, जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन के साथ ही सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन, दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं निरंतर कार्यवाही आवश्यक है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने बैठक में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन, यातायात जागरूकता अभियान, सड़क सुरक्षा उपायों, जंक्शन सुधार तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार स्पीड ब्रेकर, यातायात संकेतक एवं अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सावधान किया जा सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने तखतपुर से बरेला मार्ग की स्थिति पर विशेष रूप से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क को मरम्मत कर आवागमन योग्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंप लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को आवश्यक दस्तावेज एवं लाइसेंस के लिए अनावश्यक परेशानी न हो तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जाए। बैठक में ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट एवं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर प्रभावी रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा की गई। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में नियमानुसार ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों एवं दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की स्थापना तथा आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों का चिन्हांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने तथा यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने पात्र हितग्राहियों को योजना का शत-प्रतिशत लाभ संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को केवल कागजी कार्यवाही तक सीमित न रखते हुए मैदानी स्तर पर प्रभावी परिणाम सुनिश्चित किए जाएं। बैठक में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, कलेक्टर कुन्दन कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
