मुंगेली में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से संपन्न: विधायक पुन्नूलाल मोहले ने किया ध्वजारोहण, शहीदों के परिजन हुए सम्मानित
मुंगेली, / जिले में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले जिला मुख्यालय मुंगेली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रातः 09 बजे मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया और जिले के नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्य अतिथि मोहले ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। तत्पश्चात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी।
मुख्य अतिथि ने कलेक्टर कुन्दन कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के साथ शांति, हर्षाेल्लास एवं खुशहाली के प्रतीक तीन रंगों के गुब्बारों को उन्मुक्त आसमान की ओर छोड़े। सशस्त्र गार्ड द्वारा हर्ष फायर किया गया। परेड कमांडर रक्षित कमांडर श्रीमती ख्रिस्ट नरगिस तिग्गा बघेल एवं परेड उप कमांडर हरेन्द्र देवांगन के नेतृत्व में 12 प्लाटूनों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से पीटी का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में जिला पुलिस बल के बैंड द्वारा देशभक्ति धुन आकर्षण का केन्द्र था।
मुख्य अतिथि ने शहीदों के परिजनों का किया सम्मान
समारोह में विधायक मोहले ने जिले के वीर शहीदों के शहादत को नमन करते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने शहीद धनंजय सिंह राजपूत, छत्रधारी जांगड़े, आर. आनंद सिंह राठौर, संतोष पहारे, नरेन्द्र साहू, प्लाटून कमांडर राजकमल कश्यप के परिवारजनों को शाल और श्रीफल प्रदान किया और कुशलक्षेम पूछा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज जिला स्तरीय मुख्य समारोह में विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, रेम्बो मेमोरियल अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही, पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बंधवा ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और मनमोहक प्रस्तुति दी, इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही प्रथम, एकलव्य आवासीय विद्यालय बंधवा द्वितीय, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सारधा लोरमी तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समारोह में अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
मुख्य अतिथि मोहले ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा और बड़ी संख्या में जिले के नागरिकगण मौजूद रहे। डीएमसी अशोक सोनी और सूरज शर्मा ने मंच का संचालन किया।
देशभक्ति गीतों पर स्कूली बच्चों संग झूमे विधायक, कलेक्टर-एसएसपी
कार्यक्रम के समापन में अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार वितरण के पश्चात सभी स्कूली बच्चों के साथ देशभक्ति गीतों पर विधायक, कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत सीईओ भी झूमे। उन्होंने रंग दे बसंती चोला, ये देश है वीर जवानों का आदि देशभक्ति गानों पर नाचते हुए बच्चों में उत्साह भरा। भारत माता की जय, वंदे मातरम जैसे जयकारों के साथ बच्चे विधायक, कलेक्टर-एसपी को अपने बीच पाकर काफी उत्साहित नजर आए।








The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
