तोरवा में अपराधियों के हौसले बुलंद, एक मौत के बाद बुजुर्ग पर धारदार हमला
बिलासपुर न्यायधानी के तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार का दिन दहशत छोड़ गया। एक ही थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की दो वारदातें सामने आईं। देवरीखुर्द में विवाद के बाद ऑटो चालक की हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी घटना में बुजुर्ग के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की अपराध रोकथाम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली वारदात देवरीखुर्द शराब दुकान के पास हुई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर ऑटो चालक का अपने साथी से विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपी ने चाकू निकालकर ऑटो चालक पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी की तलाश जारी है।
इधर, इसी थाना क्षेत्र में दूसरी वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गले पर वार के बाद बुजुर्ग खून से लथपथ हालत में जान बचाकर देवरीखुर्द इलाके तक पहुंचा। उसकी हालत देखकर स्थानीय पार्षद ने साथी की मदद से बाइक पर बैठाया और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे निजी अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किए जाने की सूचना है। हमले की वजह और आरोपी को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
बहरहाल, एक ही थाना क्षेत्र में हत्या और जानलेवा हमले की दो वारदातों ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस अपराधियों तक कितनी तेजी से पहुंचती है और इलाके में बढ़ते चाकूबाजी के आतंक पर कितनी प्रभावी लगाम लगाती है। लोगों को अब सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि ऐसी कार्रवाई का इंतजार है जो अपराधियों के हौसले तोड़े और सड़कों पर सुरक्षा का भरोसा लौटाए।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
