तालाब में मिला था युवती का शव, प्रेमी निकला कातिल, गिरफ्तार
रायपुर
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डबल्यू आर एस कॉलोनी तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों में विवाद और बेवफाई के शक के चलते उसके प्रेमी करण तांडी ने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव तालाब में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, प्यार और फिर हत्या : पुलिस के अनुसार, नंदनी जैन और करण तांडी की पहचान करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। हालांकि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को नंदनी पर बेवफाई का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर नंदनी की गला दबाकर हत्या कर दी।
शव तालाब में फेंककर हुआ फरार
हत्या के बाद आरोपी शव को डबल्यू आर एस कॉलोनी स्थित तालाब तक ले गया और वहां फेंककर फरार हो गया। मंगलवार को तालाब में युवती का शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोबाइल से हुई पहचान, आरोपी तक पहुंची पुलिस : घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन की मदद से पुलिस ने मृतका की पहचान नंदनी जैन के रूप में की। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी करण तांडी तक पहुंची। हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, देर शाम तक पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जा सकता है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
