देशभर में बारिश का कहर: हिमाचल में बादल फटा, असम में बाढ़ से 68 मौतें, गुजरात में सेना संभाल रही मोर्चा
नई दिल्ली के कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। हिमाचल प्रदेश, असम, गुजरात, दादरा एवं नगर हवेली समेत कई इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं से हालात बिगड़ गए हैं। कई क्षेत्रों में सड़क संपर्क टूट गया है, जबकि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
=हिमाचल में बादल फटने से सात गांवों का संपर्क टूटा=
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी स्थित धांधल नाला क्षेत्र में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में एक पुल और सड़क बह गई। इस घटना के बाद घाटी के सात गांवों का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट गया। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंच बहाल करने के प्रयास में जुटा है।
{असम में बाढ़ से 68 लोगों की मौत=
असम में बाढ़ की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। राज्य में अब तक 68 लोगों की जान जा चुकी है और कई जिले जलमग्न हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से फोन पर बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। सोनोवाल स्वयं प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं।
=गुजरात में सेना चला रही राहत अभियान=
गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं। हालात को देखते हुए सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। अब तक 790 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 35 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें सबसे अधिक प्रभावित वलसाड और नवसारी जिले शामिल हैं।
=ओडिशा में रेड अलर्ट जारी=
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहराकर डिप्रेशन में बदल गया है। इसके उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट की ओर बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों में 29 जुलाई तक अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
=अगले कुछ दिन रहेंगे चुनौतीपूर्ण=
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
