October 19, 2026

जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे संभागायुक्त
आंगनबाड़ी, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
सुपोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने दिए निर्देश

0
Screenshot_20260723_183039

मुग़लों जिला बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन ने जिले के ग्राम छतौना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, बालवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय एवं दशरंगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर विभिन्न जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, सुपोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्र छतौना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका से केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को बेहतर वातावरण एवं सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नन्हे बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें चॉकलेट एवं उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को सुपोषण टोकरी वितरित की तथा बच्चों में कुपोषण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने महिलाओं एवं बच्चों को होने वाले टीकाकरण की भी जानकारी ली और गंभीर कुपोषित बच्चों की विशेष निगरानी करते हुए उन्हें शीघ्र सामान्य श्रेणी में लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने बालवाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए बच्चों से रूबरू होते हुए महात्मा गांधी, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सहित महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के योगदान को बच्चों से जाना और शिक्षा के स्तर को परखा। उन्होंने खेल आधारित शिक्षण पद्धति को बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसे और प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्राम एवं मोहल्ला में 06 वर्ष के बच्चों का सर्वे के माध्यम से चिन्हांकन कर उन्हें आंगनबाड़ी एवं बालवाड़ी की सुविधाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है तथा उन्हें आयरन की गोलियां एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके पश्चात संभागायुक्त ने दशरंगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर पंजीयन कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी प्रयोगशाला, टीकाकरण कक्ष, प्रसव कक्ष, महिला वार्ड एवं औषधि भंडारण कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य मितानिनों से चर्चा कर दवा पेटी में उपलब्ध आवश्यक दवाओं की जानकारी ली तथा मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में सर्पदंश उपचार के लिए एंटीवेनम सहित सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल भवन की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने भी निर्देशित किया।
संभागायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्वच्छ एवं हरित वातावरण भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें तथा बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न आने दें। इस दौरान एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed