October 19, 2026

रात की डकैती का पर्दाफाश, आठ लुटेरे गिरफ्तार; लूटी एक्टिवा-कार बरामद

0
IMG-20260722-WA0061-1200x637

कुरूद थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज डकैती का धमतरी पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के आठ शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की पहचान कर लूटी गई एक्टिवा, वीवो मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद की। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर चली कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम छाती निवासी विमल देशलहरे 11 जुलाई की रात करीब दो बजे मगरलोड जा रहे थे। ग्राम मंदरौद मोड़ स्थित राजू फर्नीचर मार्ट के पास विश्राम के दौरान स्विफ्ट कार में पहुंचे बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर नौ हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी लूट ली। शिकायत मिलते ही कुरूद थाना में अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई और हर पहलू से जांच शुरू की गई।

तफ्तीश के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और पूछताछ से पूरे गिरोह की पहचान हुई। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई एक्टिवा ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव से बरामद की गई, जबकि मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए वैधानिक कार्रवाई पूरी की।

गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर निवासी अनुज ध्रुव (22), भूपेश उर्फ कंज्जे ध्रुवंशी (20), संजय विश्वकर्मा (23), राजेन्द्र उर्फ राहुल निषाद (24), अमन लंगोटे उर्फ बिल्डर (26), बालोद निवासी योगेन्द्र उर्फ योगी यादव (21), धमतरी निवासी तीरथ यादव (23) तथा ओडिशा के नुआपाड़ा निवासी पुरन उर्फ राजा रात्रे (19) शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

फिलहाल, पुलिस गिरोह के आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई से अंतरजिला अपराधियों पर बड़ी चोट मानी जा रही है और पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed