स्वागत द्वार बनेगा शहर की पहचान या बढ़ाएगा परेशानी? विकास कार्य के बीच यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
मुंगेली। नगर में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर भव्य स्वागत द्वारों का निर्माण कराया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं से शहर की पहचान और सौंदर्य में वृद्धि होगी, लेकिन दूसरी ओर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, कार्ययोजना और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। पहले गौरव पथ निर्माण कार्य गुणवत्ता संबंधी विवादों को लेकर चर्चा में रहा था, वहीं अब लोरमी बायपास के समीप बन रहे स्वागत द्वार के निर्माण से आम नागरिकों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार लोरमी रोड स्थित स्वागत द्वार का निर्माण कार्य लगभग एक सप्ताह पहले शुरू हुआ है। निर्माण के चलते मुख्य मार्ग के एक हिस्से को बंद कर वाहनों की आवाजाही वैकल्पिक रास्ते से कराई जा रही है। इसी बीच हुई बारिश ने निर्माण स्थल को दलदली बना दिया, जिससे भारी वाहनों के फंसने की घटनाएं सामने आईं और कई बार जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई। शहर में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब लगातार दो भारी वाहन कीचड़ में फंस गए और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी अजय शतरंज प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
यह मार्ग केवल शहर का प्रवेश द्वार ही नहीं, बल्कि सुरीघाट, देवगांव, सूरदा, संगवा, देवरी सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और ग्रामीण इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। ऐसे में बारिश के दौरान कीचड़ और फिसलन बढ़ने से विद्यार्थियों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि लगातार बारिश हुई तो निर्माण स्थल से मिट्टी बहकर मुख्य सड़क पर फैल सकती है, जिससे सड़क और अधिक फिसलनभरी एवं दुर्घटनाजनक हो जाएगी। नागरिकों और व्यापारियों ने मांग की है कि निर्माण स्थल पर तत्काल गिट्टी एवं मुरुम डाली जाए, मजबूत बैरिकेडिंग की जाए तथा पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए जाएं ताकि यातायात सुरक्षित और सुचारु बना रहे।
हालांकि लोगों का यह भी कहना है कि शहर का विकास आवश्यक है और स्वागत द्वार बनने से मुंगेली की पहचान मजबूत होगी, लेकिन विकास कार्यों का क्रियान्वयन ऐसी योजना के साथ होना चाहिए जिससे आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो। उनका मानना है कि निर्माण के साथ सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को समान प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुंगेली अजय शतरंज ने बताया कि नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) और संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य बनाए रखने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
