शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक निर्णय: नेमीचंद भास्कर बने प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकों में खुशी की लहर*
मुंगेली। जिला शिक्षा विभाग ने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय दाऊपारा, मुंगेली में शैक्षिक समन्वयक के रूप में कार्यरत नेमीचंद भास्कर को मुंगेली विकासखंड का प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) नियुक्त किया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के बाद शिक्षा विभाग, शिक्षक संगठनों तथा शैक्षिक समन्वयकों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। शिक्षक साथियों एवं शुभचिंतकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाला कदम बताया है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेली विकासखंड में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी का पद पिछले कई महीनों से रिक्त था, जिसके कारण प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों के संचालन में अतिरिक्त दबाव बना हुआ था। ऐसे समय में विभाग ने अनुभवी एवं कार्यकुशल शिक्षक नेमीचंद भास्कर को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर रिक्त पद की पूर्ति की है। विभाग का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ पूरे विकासखंड की शैक्षणिक व्यवस्था को मिलेगा।
नेमीचंद भास्कर का शिक्षा विभाग में लगभग 19 वर्षों का समृद्ध अनुभव रहा है। उन्होंने अपने शैक्षणिक जीवन की शुरुआत प्राथमिक शिक्षक के रूप में की और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव समर्पित भाव से कार्य किया। इसके बाद उन्होंने प्रभारी प्रधान पाठक के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रधान पाठक के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
वर्तमान नियुक्ति से पहले वे मिडिल स्कूल पालचुवा में पदस्थ रहते हुए मुंगेली विकासखंड के शैक्षिक समन्वयक के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे। उन्होंने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों के मार्गदर्शन, नवाचारों को बढ़ावा देने, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सफल संचालन तथा शैक्षणिक गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके कार्यों की विभागीय अधिकारियों द्वारा समय-समय पर सराहना भी की जाती रही है।
शैक्षणिक दायित्वों के साथ-साथ नेमीचंद भास्कर सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। वे शालेय शिक्षक संघ में जिला संगठन सचिव के रूप में कार्य करते हुए शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, संगठन को मजबूत बनाने तथा शिक्षा हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके व्यवहार, कार्यशैली और समन्वय क्षमता के कारण वे शिक्षकों के बीच एक लोकप्रिय एवं सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में पहचाने जाते हैं।
शिक्षा विभाग का मानना है कि उनकी नियुक्ति से विकासखंड स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग मजबूत होगी, शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा शिक्षा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार देखने को मिलेगा। विभाग द्वारा उन्हें यह जिम्मेदारी शिक्षा व्यवस्था में प्रशासनिक कसावट लाने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सौंपी गई है।
नेमीचंद भास्कर की नियुक्ति की खबर मिलते ही शिक्षक संघ, शैक्षिक समन्वयकों, विद्यालय परिवार, मित्रों तथा शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अनेक शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में मुंगेली विकासखंड शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
शिक्षकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि विभाग ने एक ऐसे अनुभवी, ईमानदार और कर्मठ शिक्षक को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, जिसने अपने पूरे सेवाकाल में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और नवाचार को प्राथमिकता दी है। उनकी नियुक्ति से निश्चित रूप से मुंगेली विकासखंड की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
