26 करोड़ का रेलवे ओवरब्रिज पहली बारिश में दरका, उद्घाटन के कुछ हफ्तों बाद ही उठे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
राजनांदगांव छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के ग्राम बरगा के पास दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रेलवे ओवरब्रिज पहली ही बारिश में दरकने लगा है। जून में उद्घाटन किए गए इस पुल में कुछ ही सप्ताह बाद बड़ी दरारें दिखाई देने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि पुल बीच से दो हिस्सों में बंटता हुआ नजर आ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।यह ओवरब्रिज क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों के लिए प्रमुख आवागमन मार्ग है। ऐसे में पुल में आई दरारों को लेकर लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों है। ग्रामीणों ने पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराने, दोषी निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने और जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ, जिसका असर पहली ही बारिश में सामने आ गया।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि आलीवारा रेलवे ओवरब्रिज की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। वहां सड़क के नीचे गड्ढे बनने लगे हैं और किनारों का हिस्सा धंसने की शिकायत सामने आई है। लोगों का कहना है कि यदि पहली बरसात में ही यह हाल है, तो भविष्य में स्थिति और गंभीर हो सकती है।इधर रेलवे और निर्माण एजेंसी ने प्रभावित हिस्सों में मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। मामले पर रेलवे के इंजीनियर ने कहा कि दरार के कारणों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। उनके अनुसार पहली बारिश के दौरान कुछ हद तक सेटलमेंट होना सामान्य प्रक्रिया है और फिलहाल घबराने जैसी स्थिति नहीं है। इसके बावजूद तकनीकी टीम और वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की जांच करेंगे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
