दुर्ग में लॉज पर पुलिस का छापा, कथित देह व्यापार का भंडाफोड़
इंदिरा मार्केट स्थित लॉज में ACCU और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3 युवतियां और 3 ग्राहक पकड़े गए
दुर्ग। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने एक लॉज पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई ACCU (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पीटा एक्ट (PITA Act) के तहत की गई। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई दुर्ग के इंदिरा मार्केट स्थित एक लॉज में की गई। बताया जा रहा है कि भवन के निचले हिस्से में मिठाई दुकान और आइसक्रीम पार्लर संचालित हो रहा था, जबकि ऊपरी मंजिल पर बने लॉज का कथित तौर पर अवैध गतिविधियों के लिए उपयोग किया जा रहा था।
तीन गाड़ियों में पहुंची पुलिस, पूरे परिसर की घेराबंदी
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से लॉज संचालकों और आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों और तीन ग्राहकों को मौके से पकड़ा। इसके अलावा लॉज के संचालक/मैनेजर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दस्तावेज और अन्य सबूत जब्त
पुलिस ने मौके से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। जांच एजेंसियां अब इन दस्तावेजों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।
प्राथमिक जांच में पुलिस बड़े नेटवर्क की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस कथित रैकेट का संबंध बाहरी जिलों या राज्यों से जुड़े किसी संगठित गिरोह से है।
पूरी जांच के बाद होगा बड़ा खुलासा
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इस कार्रवाई को दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच हुई, तो इस मामले में कई बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
