जनजातीय गरिमा उत्सव और जनभागीदारी अभियान का शंखनाद: कलेक्टर और एसएसपी ने रथ को दिखाई हरी झंडी
25 मई तक विशेष पिछड़ी जनजातियों और आदिवासी परिवारों को मिलेगा सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ, कलेक्टोरेट में बैठक कर दिए सख्त निर्देश
मुंगेली, 18 मई 2026// शासन के निर्देशानुसार आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत 25 मई तक जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जन भागीदारी अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ‘‘जनभागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले’’ थीम पर विशेष पिछड़ी जनजातियों एवं जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना, सेवा संतृप्ति सुनिश्चित करना तथा जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
अभियान के अंतर्गत पीएम-जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से जुड़े चयनित ग्रामों में व्यापक स्तर पर शिविर, आदि सेवा केन्द्रों में जनसुनवाई, स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता रैली, ग्राम संपर्क गतिविधियां एवं लाभकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। इस दौरान सेवा, संतृप्ति एवं वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जाएगा।
57 चयनित ग्रामों में सजेंगे शिविर
कलेक्टर कुन्दन कुमार और एसएसपी भोजराम पटेल ने जिला कलेक्टोरेट से रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में बैठक लेकर अभियान के सफल क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के तहत जिले के चिन्हांकित 57 धरती आबा ग्रामों तथा पीएम जनमन ग्रामों में व्यापक स्तर पर जनजातीय गरिमा उत्सव का आयोजन करने के निर्देश दिए।
इन प्रमुख योजनाओं से संतृप्त होंगे आदिवासी परिवार
आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा:
आयुष्मान कार्ड
मातृ वंदन योजना
जनधन खाता
जाति प्रमाण पत्र
किसान क्रेडिट कार्ड
उज्ज्वला योजना
अभियान का पूरा शेड्यूल:
20 मई (ग्राम संपर्क): अधिकारी, कर्मचारी एवं सामाजिक संगठन गांवों में पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद करेंगे तथा योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
21 से 23 मई (जनसुनवाई): ग्राम स्तर पर विशेष जनसुनवाई आयोजित कर शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
स्वास्थ्य जांच शिविर: अभियान के दौरान विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होगा, जिसमें टीबी स्क्रीनिंग, सिकल सेल जांच तथा एमएमयू (मोबाईल मेडिकल यूनिट) के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
इस अभियान को व्यापक रूप देने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों, एनएसएस (NSS) एवं एनसीसी (NCC) की सहभागिता ली जाएगी
इस अवसर पर एडीएम जी एल यादव, आदिवासी विकास विभाग सहायक आयुक्त शिव कुमार बांधे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
