अभनपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: प्रेम प्रसंग में युवक को जिंदा दफनाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अभनपुर क्षेत्र में मिली एक अज्ञात लाश की गुत्थी सुलझाते हुए “अंधेकत्ल” का पर्दाफाश किया है। प्रेम प्रसंग के विवाद में नितेश बत्रा नामक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसे अधमरी हालत में ही मुरूम की खदान में जिंदा दफन कर दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और दो नाबालिगों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुरूम गड्ढे में मिला था शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब 21 मार्च 2026 को ग्राम भरेंगाभाठा के पास एक मुरूम खदान में जमीन से बाहर निकले हुए हाथ-पैर दिखाई दिए। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि युवक की मौत चोट से नहीं, बल्कि मिट्टी में दबने से दम घुटने के कारण हुई थी। इसका अर्थ था कि उसे अधमरी हालत में ही दफन कर दिया गया था।
टैटू और कपड़ों से हुई पहचान
मृतक की पहचान माना निवासी नितेश बत्रा (29 वर्ष) के रूप में हुई, जो कुछ दिनों से लापता था। परिजनों ने उसके शरीर पर बने टैटू और कपड़ों से उसकी शिनाख्त की। इसके बाद एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच तेज की।
हत्या की खौफनाक कहानी
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी का नाम सामने आया। पूछताछ में पता चला कि श्याम सुंदर और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध थे। 16 मार्च की रात नितेश बत्रा, सावित्री के घर के बाहर खड़ा था, जिसे लेकर श्याम सुंदर और उसके बीच विवाद हुआ।
सावित्री के उकसाने पर श्याम सुंदर ने नितेश पर लकड़ी से हमला किया।
बाद में श्याम सुंदर ने अपने कर्मचारियों को ऑटो के साथ बुलाया और सबने मिलकर नितेश को बुरी तरह पीटा।
आरोपी नितेश को बेहोशी की हालत में ऑटो में डालकर भरेंगाभाठा ले गए और वहां गड्ढे में दबा दिया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
श्याम सुंदर सोनी (21 वर्ष), निवासी प्रयागराज (हाल निवासी बोरियाकला)
सुमित कोसले (21 वर्ष), निवासी भरेंगाभाठा
सावित्री साहू (21 वर्ष), निवासी सरगुजा (हाल निवासी माना)
दो विधि के साथ संघर्षरत बालक (नाबालिग)
इस मामले में एक अन्य आरोपी माईकल सैनी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ऑटो, लकड़ी और अन्य सामान जब्त कर लिया है।
पुलिस टीम की सफलता
इस कार्रवाई में रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा, एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, एएसपी अभिषेक झा, सीएसपी तुलसी राम लेकाम के मार्गदर्शन में निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह श्याम (थाना प्रभारी अभनपुर) और सचिन सिंह (प्रभारी एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट) की मुख्य भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
