रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा-एमपी गिरोह का भंडाफोड़, 22 किलो गांजे के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार
रायपुर | 2 अप्रैल 2026 राजधानी रायपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक की है। रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और गंज थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर गिरोह को दबोचा है। इस गिरोह में महिलाओं सहित एक नाबालिग भी शामिल है, जो ओडिशा से गांजा लेकर मध्य प्रदेश खपाने की तैयारी में थे।
घेराबंदी कर तेलघानी नाका पर दबोचा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तेलघानी नाका चौक के पास कुछ संदिग्ध लोग भारी मात्रा में बैग लेकर खड़े हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के मॉनिटरिंग में तुरंत टीम गठित की गई। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने हुलिए के आधार पर 4 पुरुष, 2 महिलाएं और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।
बैगों की तलाशी में खुला राज
जब पुलिस टीम ने संदिग्धों के पास मौजूद अलग-अलग बैगों की तलाशी ली, तो उनमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के पास से 22.450 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 11,22,500 रुपये बताई जा रही है।
ओडिशा के कंधमाल और बलांगीर से जुड़े तार
पकड़े गए आरोपी मूलतः ओडिशा के रहने वाले हैं। पुलिस अब इनके ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि ओडिशा में यह माल किसने सप्लाई किया और मध्य प्रदेश में इसे किसे सौंपा जाना था। गंज थाने में नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की सूची:
शांतनु मलिक (23 वर्ष), जिला कंधमाल, ओडिशा।
रोमियो मलिक (19 वर्ष), जिला कंधमाल, ओडिशा।
जुलियत मलिक (19 वर्ष), जिला कंधमाल, ओडिशा।
राहुल मलिक (20 वर्ष), जिला कंधमाल, ओडिशा।
रश्मिता दीगल (27 वर्ष), जिला बलांगीर, ओडिशा।
दीपा दीगल (35 वर्ष), जिला कंधमाल, ओडिशा।
एक नाबालिग बालक (विधि के साथ संघर्षरत)।
पुलिस का संदेश: रायपुर पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘एंड-टू-एंड’ कार्रवाई कर रही है ताकि तस्करी की पूरी चेन को ध्वस्त किया जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
