October 19, 2026

सावधान थानखम्हरिया! बाजार में सक्रिय हुआ जाली नोटों का गिरोह; एक ही नंबर के कई नोट मिलने से हड़कंप

0
IMG-20260331-WA0071.jpg

थानखम्हरिया। नगर के व्यावसायिक क्षेत्रों में इन दिनों जाली नोटों का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। सोमवार को स्थानीय सब्जी मंडी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ही सीरियल नंबर के 100 रुपये के 10 और 200 रुपये के 5 नोट पाए गए। इससे क्षेत्र में सक्रिय किसी संगठित गिरोह की आशंका गहरा गई है।

भीड़ का फायदा उठाकर खपाए जा रहे नकली नोट
जानकारी के अनुसार, सब्जी मंडी के साथ-साथ किराना, कपड़ा और अनाज व्यापारियों के यहां भीड़भाड़ का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से जाली नोट खपाए जा रहे हैं। व्यापारी लेन-देन के दौरान तुरंत पहचान नहीं कर पा रहे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी आसानी से फरार हो रहे हैं।

व्यापारियों ने की शिकायत, कई के गल्ले में मिले संदिग्ध नोट
सोमवार को मंडी के व्यापारी छेदू सिन्हा, कचरू निर्मलकर और विश्वनाथ सिन्हा के गल्ले में जाली नोट मिलने के बाद मामला सामने आया। इसके बाद अन्य फुटकर व्यापारियों ने भी अपने पास मौजूद संदिग्ध नोटों की जानकारी दी।

मंडी संचालकों छेदू सिन्हा और कचरू निर्मलकर ने थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा से मुलाकात कर मामले की गंभीर जांच और गिरोह का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है।

प्रिंटेड नकली नोट, तकनीकी जांच में हुआ खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये नोट फोटोकॉपी नहीं बल्कि उच्च गुणवत्ता के प्रिंटर से तैयार किए गए हैं। नोटों में कई तकनीकी विसंगतियां पाई गईं, जिससे इनके नकली होने की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने जारी की चेतावनी और अपील
थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा ने व्यापारियों से लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या नोट की तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही गिरोह तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed