October 19, 2026

राइस मिलर्स की बैठक में धान उठाव तेज करने के निर्देश

0
IMG-20260306-WA0100.jpg


मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर अपर कलेक्टर जी.एल. यादव ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में जिले के राइस मिलर्स की बैठक लेकर धान उठाव और मिलिंग प्रक्रिया की समीक्षा की। बैठक में उपार्जन केंद्रों में रखे धान के शीघ्र उठाव और मिलिंग कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में अपर कलेक्टर यादव ने सभी राइस मिलर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि धान उपार्जन केंद्रों में रखे धान का शत-प्रतिशत उठाव निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान के उठाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों से खरीदे गए धान का समय पर परिवहन और मिलिंग कार्य पूरा करना है, ताकि भंडारण से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने धान के उठाव और परिवहन के दौरान सभी आवश्यक नियमों और गुणवत्ता मानकों का पालन करने के भी निर्देश दिए।

अपर कलेक्टर ने कहा कि धान का सुरक्षित भंडारण, समय पर परिवहन और मिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही मिलर्स को धान उठाव की दैनिक प्रगति की जानकारी संबंधित विभागों को नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने धान उपार्जन केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध धान की मात्रा और उठाव की प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों से धान उठाव लगातार जारी है और इसे और तेज करने के लिए राइस मिलर्स के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।

अपर कलेक्टर यादव ने अधिकारियों को धान उठाव की प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में राइस मिलर्स से सुझाव भी लिए गए और धान उठाव की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी पंकज शेतपाल, जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ), सीसीबी नोडल अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed