होली से पहले किसानों के आंगन में बरसेगा खुशियों का गुलाल : ठाकुर
मोदी की गारंटी और साय-सरकार का संकल्प पूरा होने पर किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने ज्ञापित की कृतज्ञता
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने राज्य के लाखों किसानों को होली पर्व से पहले धान की अंतर राशि (3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से) का एकमुश्त भुगतान करने के फैसले को ऐतिहासिक और किसान हितैषी बताया है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री ठाकुर ने कहा कि कैबिनेट के निर्णय अनुसार, राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों को होली के पावन पर्व से पहले अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश में रिकॉर्ड 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। श्री ठाकुर ने कहा कि सरकार केवल धान नहीं खरीद रही, बल्कि किसानों के पसीने की एक-एक बूंद की कीमत चुकाकर उनके पुरुषार्थ का सम्मान कर रही है। मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व वाली सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रदेश का ‘अन्नदाता’ ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। होली से पहले एकमुश्त भुगतान का निर्णय किसानों के जीवन में न केवल आर्थिक संबल लाएगा, बल्कि उनके उत्सव के उल्लास को दोगुना कर देगा। मुख्यमंत्री का यह कथन कि “किसानों की मुस्कान ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है”, भाजपा की सेवा भावना को दर्शाता है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री ठाकुर ने कहा किपिछली सरकारों के विपरीत, साय सरकार ने किसानों को किस्तों के इंतजार से मुक्ति दिलाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल का वादा निभाकर अपनी विश्वसनीयता पर मुहर लगाई है। भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री और पूरी कैबिनेट का आभार व्यक्त करता है। यह कदम छत्तीसगढ़ को ‘कृषि प्रधान’ से ‘कृषि समृद्ध’ राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
