October 19, 2026

शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय फेस-2 का काम जल्द शुरू

0
IMG-20260206-WA0469.jpg

नवा रायपुर में बनेगा भव्य कन्वेंशन सेंटर, ऑडिटोरियम से लेकर फूड कोर्ट तक की सुविधा

रायपुर।
नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय फेस-2 के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होगी। इसके साथ ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कन्वेंशन सेंटर का भी निर्माण किया जाएगा। आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरटीआई) के सभाकक्ष में आर्किटेक्ट, इंजीनियर, आर्टिस्ट एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती वर्ष के दौरान एक नवंबर को राज्योत्सव अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का शुभारंभ किया गया था। इससे पहले मई 2025 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय जीवनशैली एवं परंपराओं पर आधारित संग्रहालय का उद्घाटन किया था। दोनों संग्रहालयों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अब शहीद वीर नारायण सिंह आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय फेस-2 के निर्माण को हरी झंडी दी जा रही है।

बैठक में प्रमुख सचिव ने बताया कि संग्रहालय परिसर में कैफेटेरिया, गढ़ कलेवा और अन्य दुकानें भी विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही फेस-2 के अंतर्गत आकर्षक बागवानी, परिसर में स्थित नंद सागर का सौंदर्यीकरण, फव्वारा तथा पार्किंग की बेहतर व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके अलावा टीआरटीआई परिसर में नवनिर्मित छात्रावास के समीप निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को डिजाइन और लेआउट में आवश्यक संशोधन के निर्देश दिए गए। इस कन्वेंशन सेंटर में आधुनिक ऑडिटोरियम, आर्ट गैलरी, प्रदर्शनी हॉल, मीटिंग रूम, प्रशासनिक भवन और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे यह सांस्कृतिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

बैठक में टीआरटीआई की संचालक हिना अनिमेष नेताम, उपसचिव बी.के. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, जितेन्द्र गुप्ता, आर.एस. भोई, उपायुक्त विश्वनाथ रेडडी, कार्यपालन यंत्री त्रिदीप चक्रवर्ती, उपयंत्री गुप्ता एवं यशवंत राव सहित आर्किटेक्ट, इंजीनियर, आर्टिस्ट और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed