October 20, 2026

यात्रियों की सुविधा में नया आयाम

0
IMG-20260204-WA0476.jpg

अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस अब रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 से चलेगी

रायपुर |
रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों को अब रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म बदलने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रयासों से गाड़ी संख्या 18242 (अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस) अब रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-01 से प्रस्थान करेगी। यह नई व्यवस्था दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन के सहयोग से लागू कर दी गई है।

राजधानी रायपुर के यात्रियों की यह मांग लंबे समय से चली आ रही थी। यात्रियों को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन मंत्री के कार्यालय की ओर से मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर को पत्र भेजा गया था। पत्र में प्लेटफॉर्म परिवर्तन से यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को होने वाली दिक्कतों का विस्तार से उल्लेख किया गया था।

मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई और अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म-01 पर लेने के निर्देश जारी किए गए। इस निर्णय के बाद अब यात्रियों को भारी भीड़ और लंबी दूरी तय कर प्लेटफॉर्म बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इस जनहितैषी फैसले से अंबिकापुर, दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह सुविधा काफी सहायक साबित होगी।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस व्यवस्था को लागू करने में सहयोग के लिए मंडल रेल प्रबंधक एवं रेल प्रशासन के अधिकारियों के प्रति आभार जताया है। साथ ही उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रदेश के समस्त रेल यात्रियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed