तेज रफ्तार बनी दो जिंदगियों की मौत का कारण, सकरी हादसे में गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
बिलासपुर/सकरी। थाना सकरी क्षेत्र में घटित दर्दनाक सड़क हादसे को बिलासपुर पुलिस ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए बड़ा कदम उठाया है। तेज व लापरवाहीपूर्वक मोटर सायकल चलाने से एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की मौत के मामले में आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या (गैर-जमानतीय) का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 05 जनवरी 2026 को थाना सकरी क्षेत्र में हुई। मोटर सायकल क्रमांक OD-01-AS-7268 (केटीएम) का चालक डेनिस मिंज तेज गति और असावधानी से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे पैदल जा रही उर्मीला मनहर और उसकी नाबालिग पुत्री मान्या मनहर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में पाया गया कि दुर्घटना पूरी तरह से चालक की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। दो व्यक्तियों की मौके पर मौत को देखते हुए पुलिस ने मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 105 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल को भी विधिवत जप्त कर लिया गया है।
आरोपी का विवरण
डेनिस मिंज, पिता अजय मिंज, उम्र 19 वर्ष
निवासी – ग्राम सामा टिकरा, विश्रामपुर, थाना विश्रामपुर, जिला जशपुर
वर्तमान पता – 27 खोली, सर्किट हाउस के पास, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सकरी क्षेत्र सहित जिलेभर में इस प्रकार की लापरवाही से होने वाली घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जानबूझकर या गंभीर लापरवाही से वाहन चलाकर यदि किसी व्यक्ति की जान जाती है, तो उसे गैर-इरादतन हत्या की श्रेणी में रखते हुए गैर-जमानतीय धाराओं के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। तेज गति और लापरवाही न केवल स्वयं के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
