ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर सिविल लाइन पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के बढ़ते नेटवर्क पर लगाम कसने के लिए सिविल लाइन पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग के तहत एडिलेड स्ट्राइकर्स और सिडनी थंडर के बीच चल रहे मुकाबले में ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में कुछ लोग मोबाइल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद सिविल लाइन पुलिस की टीम ने त्वरित घेराबंदी कर कार्रवाई की। महाराणा प्रताप चौक के पास से अविनाश वाधवानी उर्फ अवि को पकड़ा गया, जबकि व्यापार विहार छोटी पार्किंग के पास से आयुष अग्रवाल उर्फ आकाश को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान अविनाश वाधवानी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, ऑनलाइन सट्टा से जुड़े व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट और 3 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। वहीं आयुष अग्रवाल के पास से एक मोबाइल फोन, सट्टे से संबंधित व्हाट्सएप स्क्रीनशॉट और 2 हजार रुपये नगद जब्त किए गए। इस तरह दोनों मामलों में कुल 5 हजार रुपये नगद और दो मोबाइल फोन पुलिस ने जप्त किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह सट्टा गतिविधि ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जा रही थी, जिसमें अन्य सटोरियों और खाईवालों की संलिप्तता की भी आशंका है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है और जैसे-जैसे साक्ष्य मिलेंगे, वैसे-वैसे और गिरफ्तारियां भी की जाएंगी।
सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा न केवल अवैध है, बल्कि युवाओं और समाज को आर्थिक व मानसिक रूप से नुकसान पहुंचाता है। ऐसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में सटोरियों को बख्शा नहीं जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
