प्रहार अभियान में बिलासपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, जिलेभर से 140 आरोपी गिरफ्तार, 5 के पास मिले अवैध हथियार
बिलासपुर । अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “प्रहार अभियान” के तहत जिलेभर में सघन और प्रभावी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व एवं निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुल 140 आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया गया है, वहीं अवैध हथियार रखने वाले 5 आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है।
अभियान को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसीसीयू के मार्गदर्शन में संबंधित सीएसपी और एसडीओपी के माध्यम से जिले के सभी थाना प्रभारियों द्वारा तड़के शुरू किया गया। इस व्यापक अभियान में पुलिस को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
इसी क्रम में दिनांक 04 एवं 05 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे, वारंटियों एवं संदिग्ध बदमाशों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में 30 स्थायी वारंटी, 69 गिरफ्तारी वारंटी, 23 फरार आरोपी तथा 06 संदिग्ध गुंडा एवं निगरानी बदमाश शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग के दौरान थाना तोरवा, सिविल लाइन, कोनी एवं चकरभाठा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने 05 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चालू एवं धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। इन सभी आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत पृथक से वैधानिक कार्यवाही की गई है।
इसके साथ ही, आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से दिनांक 03 जनवरी एवं 04 जनवरी 2026 को जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान कुल 248 शिकायतों का सफल एवं त्वरित निराकरण किया गया। इनमें 125 सादरी (सामान्य) शिकायतें तथा 123 स्थानीय शिकायतें शामिल हैं, जिनका मौके पर ही समाधान कर नागरिकों को राहत प्रदान की गई।
बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस निरंतर और सघन अभियान से जिले में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है। पुलिस की इस सक्रियता से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अपराध और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
