कोनी थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, शराब के नशे में कार चला रहे दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर । थाना कोनी क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। कांबिंग गश्त के दौरान शराब के नशे में कार चलाते हुए दो व्यक्तियों को पकड़ा गया, जो पुलिस कार्रवाई के दौरान विवाद करते हुए भागने का प्रयास भी करने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत त्वरित कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 05 जनवरी 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशानुसार थाना कोनी पुलिस कांबिंग गश्त एवं चेकिंग पर निकली थी। इसी दौरान तुर्काडीह मुख्य मार्ग पर एक सफेद रंग की कार क्रमांक CG10 AD 4488 को जांच के लिए रोका गया। वाहन का चालक कपिल माथुर पिता बिरजू राम, उम्र 38 वर्ष तथा उसके साथ बैठे सुमित माथुर पिता घासीराम, उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी तुर्काडीह थाना कोनी, अत्यधिक शराब के नशे में पाए गए।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर दोनों आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया। शराब के नशे में वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत विधिवत कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से नाराज होकर दोनों आरोपी पुलिस से बहस करने लगे और हुज्जतबाजी शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद आरोपियों का व्यवहार उग्र बना रहा, जिससे क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई। किसी भी गंभीर घटना को रोकने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोनी पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- कपिल माथुर पिता बिरजू राम, उम्र 38 वर्ष, निवासी तुर्काडीह, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।
- सुमित माथुर पिता घासीराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी तुर्काडीह, थाना कोनी, जिला बिलासपुर।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
