हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में दर्दनाक हादसा — बस पर गिरा भूस्खलन का मलबा, 15 की मौत, कई घायल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया गहरा शोक, राहत-बचाव कार्य जारी
बिलासपुर । हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार को एक भीषण हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार मरोतन से घुमारवीं जा रही यात्री बस झंडूता के बरठीं क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आ गई। भूस्खलन का मलबा सीधे बस की छत पर गिरा, जिससे मौके पर ही कई यात्रियों की जान चली गई।
अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गए हैं।
रेस्क्यू टीम द्वारा राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक :
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा — “मैं दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।”
राहत एवं बचाव कार्य जारी :
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री स्वयं शिमला से हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
