ब्रेकिंग न्यूज : मुंगेली में दिल दहला देने वाली घटना : 10वीं की छात्रा स्कूल की छत से गिरी, हालत गंभीर, बिलासपुर सिम्स रेफर
मुंगेली। जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया। पंडरिया रोड स्थित एसएलएस स्कूल की 10वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्रा आरती सिंह अचानक स्कूल की छत से गिर गई। घटना इतनी गंभीर थी कि तत्काल उसे जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति देखते हुए बिना समय गंवाए उसे बिलासपुर सिम्स रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को बीआरसाव स्कूल में स्वच्छता अभियान से जुड़ा एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने वाला था, जिसमें कलेक्टर सहित कई अधिकारी शामिल होने वाले थे। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी शामिल किया गया था। इसी दौरान पंडरिया रोड स्थित एसएलएस स्कूल में यह हृदयविदारक घटना घटी।
स्कूल प्रशासन ने बताया कि आरती सिंह कक्षा 10वीं की छात्रा है। अचानक वह स्कूल की छत पर स्थित गैलरी से नीचे गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षक और स्टाफ उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया। फिलहाल छात्रा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों का आक्रोश और स्कूल प्रबंधन पर सवाल
आरती सिंह विनोबा नगर निवासी बबलू सिंह की पुत्री हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने घटना की तुरंत जानकारी घरवालों को नहीं दी। उन्हें इस बात की जानकारी अन्य लोगों से मिली। इससे उनका गुस्सा और भी भड़क उठा।
लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ जिला स्तर पर स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, दूसरी ओर विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर इस तरह की लापरवाही सामने आ रही है। छात्रा का गिरना कहीं न कहीं स्कूल प्रशासन की ढिलाई को दर्शाता है।
शहरवासियों और अभिभावकों का भी कहना है कि शिक्षा संस्थानों को केवल पढ़ाई तक ही सीमित न रहकर विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। स्कूल भवनों की संरचना, छत और गैलरी की ऊँचाई पर सुरक्षा ग्रिल का होना आवश्यक है। अगर यह प्रबंध पहले से किया गया होता तो शायद यह हादसा टल सकता था।
मुंगेली में घटित यह घटना शिक्षा व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े करती है। एक मासूम छात्रा अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है और परिजनों का दर्द असहनीय है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कितनी तत्परता दिखाता है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
