ब्रेकिंग न्यूज़ : ग्राम दाबों में युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा – सोसायटी प्रबंधक ने दी थी 50 हजार की सुपारी, 4 आरोपी गिरफ्तार, 1 अपचारी भी शामिल
मुंगेली । जिले के थाना फास्टरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दाबों में युवक की हत्या व लूटपाट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन पर गठित विशेष पुलिस टीम ने हत्या की साजिश रचने वाले षड्यंत्रकारी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़कर न्यायिक प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
हत्या और लूट की वारदात : दिनांक 10 सितंबर 2025 की रात लगभग 9 बजे ग्राम दाबों रोड किनारे नवोदय विद्यालय के पास प्रार्थी हेमचंद साहू अपने साथी हेमप्रसाद साहू के साथ बैठा हुआ था। इस दौरान अज्ञात हमलावरों ने लोहे की रॉड से हमला कर हेमप्रसाद साहू की हत्या कर दी। आरोपियों ने मृतक का मोबाइल और प्रार्थी की मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए। इस घटना पर थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में अपराध क्रमांक 53/25 धारा 103(1), 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आई सनसनीखेज साजिश : पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही सुनील साहू को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ।
सुनील ने बताया कि उसका जीजा नेतराम साहू, जो तरवरपुर धान खरीदी सोसायटी में प्रबंधक था, पुराने रंजिश के चलते तुलसी साहू और उसके बेटे नरेन्द्र उर्फ पप्पू से नाराज था। नरेन्द्र द्वारा धान खरीदी की अनियमितता उजागर करने पर नेतराम पर कार्रवाई हुई थी और उसकी नौकरी चली गई थी। बाद में कोर्ट के आदेश से बहाल तो हुआ लेकिन नरेन्द्र और उसके पिता उसे नौकरी ज्वाइन नहीं करने दे रहे थे। इसी रंजिश के कारण नेतराम ने नरेन्द्र को रास्ते से हटाने के लिए अपने साले सुनील साहू को 50 हजार रुपए की सुपारी दी।
योजना के अनुसार सुनील, शुभम पाल, गौकरण साहू और एक नाबालिग ने मिलकर 10 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया। लोहे के पाइप से हमला कर हेमप्रसाद साहू की हत्या कर दी और समझे कि नरेन्द्र उर्फ पप्पू को मार दिया गया है।
पुलिस ने पकड़े आरोपी, बरामदगी भी की
गिरफ्तार आरोपियों में
1. नेतराम साहू पिता निरंजन साहू (43 वर्ष), निवासी सिल्ली
2. सुनील साहू पिता बहोरिक साहू (20 वर्ष), निवासी पौनी पुसेरा, जिला कबीरधाम
3. शुभम पाल पिता संदीप पाल (18 वर्ष), निवासी चकरभांठा, जिला बिलासपुर
4. गौकरण साहू पिता परसराम साहू (20 वर्ष), निवासी बड़े पौनी, मुंगेली
5. 01 विधि से संघर्षरत बालक शामिल है।
जप्त सामान –
2 नग लोहे का पाइप
मृतक का मोबाइल
प्रार्थी की मोटरसाइकिल
घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल
षड्यंत्रकारी नेतराम साहू की बोलेरो गाड़ी
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि बाल अपचारी को पृथक से न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की भूमिका : इस बड़ी कार्यवाही में थाना प्रभारी फास्टरपुर उपनिरीक्षक गिरिजाशंकर यादव, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुशील बंछोर, उपनिरीक्षक पारखराम साहू सहित पुलिस जवानों की अहम भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक ने इस खुलासे को टीम वर्क की बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
