सांसद खेल महोत्सव: सन्डे ऑन साइकिल रैली एवं खेल प्रतियोगिता का आयोजन
मुंगेली । हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस एवं सांसद खेल महोत्सव फीट युवा फॉर विकसित भारत के तहत विभिन्न खेल एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले में “सन्डे ऑन साइकिल रैली” का आयोजन किया गया। यह रैली रेस्ट हाउस से हरी झंडी दिखाकर कलेक्टर परिसर के लिए रवाना किया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएं एवं आमजन शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के कलेक्टर कुन्दन कुमार के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “फिट इंडिया तभी संभव है जब हम अपनी दिनचर्या को अनुशासित करेंगे। समय पर सोना, उठना और संतुलित भोजन करना ही स्वास्थ्य की कुंजी है। आजकल लोग मोबाइल को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं, जिसके दुष्परिणाम बीमारियों के रूप में सामने आ रहे हैं। हमें अपने शरीर और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना होगा।” कलेक्टर ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है। यदि किसी को कलेक्टर, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री जैसे बड़े पदों तक पहुँचना है तो पहले मानसिक एवं शारीरिक रूप से मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से प्रतिदिन खेल गतिविधियों में भाग लेने और नियमित रूप से दौड़ने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि पढ़ाई और खेल – दोनों के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है। पढ़ाई के समय सिर्फ पढ़ाई और खेल के समय केवल खेल पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बच्चों को अखबार पढ़ने की भी सलाह दी ताकि उनमें जनरल नॉलेज बढ़े और वे भविष्य के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि – “जीवन में बड़ा मुकाम हासिल करने के लिए पढ़ाई सबसे महत्वपूर्ण आधार है।” इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, अनुभागीय अधिकारी राजस्व अजय शतरंज, जिला शिक्षा अधिकारी धृतलहरे एवं खेल अधिकारी संजय पॉल सहित जिले के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
*खेल में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित*
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया। जिसमें रस्साकशी (बालक, 18 वर्ष तक): दाबो प्रथम, दशरंगपुर द्वितीय, (बालिका, 18 वर्ष तक): खेलो इंडिया मुंगेली प्रथम, दशरंगपुर द्वितीय,
बालक 18 वर्ष से अधिक एस.एन.जी. कॉलेज प्रथम, साइंस कॉलेज द्वितीय, बालिका 18 वर्ष से अधिक सिलतरा पथरिया प्रथम, साइंस कॉलेज मुंगेली द्वितीय, महिला वॉलीबॉल लोरमी क्लब प्रथम, मुंगेली द्वितीय, पुरुष वॉलीबॉल: सुकली लोरमी प्रथम, करही मुंगेली द्वितीय, कबड्डी (बालक): रोहरा प्रथम, करही मुंगेली द्वितीय, कबड्डी (बालिका): सिलतरा पथरिया प्रथम, खैरी पथरिया द्वितीय स्थान हासिल किए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में खेल भावना के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी जागृत हुई। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे इस संदेश को अपने घर-परिवार और पड़ोस तक पहुँचाएँ कि स्वस्थ रहना ही जीवन का सबसे बड़ा ध्येय होना चाहिए। स्वस्थ रहकर ही हम समाज और देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
