नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करें – आईजी राम गोपाल गर्ग
दुर्ग – पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग की अध्यक्षता में आज एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की समीक्षा बैठक पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में रेंज स्तर पर नशा तस्करी की रोकथाम , आरोपियों पर कठोर कार्यवाही और जनजागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाये तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाये। इसके साथ ही मानस पोर्टल हेल्पलाइन नंबर 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक नागरिकों को इसकी जानकारी दी जाये , ताकि आमजन तुरंत शिकायत दर्ज करा सकें। उन्होंने नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये ब्रह्मकुमारी संस्था एवं अन्य सामाजिक संगठनों की मदद लेकर कार्यक्रम आयोजित करने और युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव से अवगत कराने पर विशेष बल दिया। आईजी गर्ग ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि मादक पदार्थों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाये और ऑनलाइन माध्यम से होने वाली खरीदी-बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाये। उन्होंने विवेचना को इंड-टू-इंड करने और सफ़ेमा के तहत अधिक से अधिक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिये। बैठक के अंत में पुलिस महानिरीक्षक गर्ग ने कहा कि नशा ना केवल समाज को बल्कि युवा पीढ़ी के भविष्य को भी तबाह कर रहा है। इस बुराई के उन्मूलन के लिये पुलिस प्रशासन कठोर कानूनन कार्यवाही के साथ-साथ आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जाये ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। इस बैठक में रेंज स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे , जिनमें बालोद से अति पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर , बेमेतरा से अति पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह , उप पुलिस अधीक्षक विनय कुमार एवं डीएसपी मनोज तिर्की , जिला दुर्ग से नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी , पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से डीएसपी श्रीमती शिल्पा साहू , उप निरीक्षक राज कुमार प्रधान , सहायक उपनिरीक्षक हेमंत त्रिपाठी तथा रेंज पुलिस पीआरओ प्रशांत कुमार शुक्ला , दुर्ग रेंज के एएनटीएफ. नोडल अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी सम्मिलित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
