तखतपुर में गौमांस कांड, जन्माष्टमी पर भड़का आक्रोश
तखतपुर ।कृष्ण जन्माष्टमी जैसे पावन पर्व के दिन तखतपुर नगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ वार्ड क्रमांक 5 में दो युवकों पर गौमांस काटने और पकाने का आरोप लगा है। हिंदू संगठनों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि गुरुवार को हिंदू संगठनों को गुप्त सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 5 में कुछ लोग अपने घर में गौमांस काट रहे हैं और उसे पका रहे हैं। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कोमल सिंह ठाकुर और आयुष ठाकुर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुँचे और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी संजय खेस और शाहूल मसीह पर आरोप है कि वे न सिर्फ गौमांस काट रहे थे, बल्कि उसे बेचने की भी तैयारी कर रहे थे। समर्थकों ने तुरंत इसकी सूचना तखतपुर पुलिस थाने को दी।
पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल ने अपनी टीम के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी संजय खेस के घर से भारी मात्रा में गौमांस बरामद किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। इस घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग और स्थानीय निवासी थाने पहुँचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
संजय खेस का पुराना रिकॉर्ड
यह पहली बार नहीं है जब आरोपी संजय खेस का नाम गौमांस से जुड़े मामले में आया है।
सूत्रों के अनुसार, वह पहले भी इसी तरह के आरोप में जेल जा चुका है। कुछ समय पहले संगम नगर में भी उसे गौमांस बेचते हुए पकड़ा गया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। उस घटना के बाद तखतपुर में बड़े पैमाने पर आंदोलन भी हुआ था। संजय खेस के खिलाफ यह दूसरा मामला है, जिसने स्थानीय लोगों के बीच आक्रोश बढ़ा दिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर से क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर तनाव बढ़ा दिया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
