रतनपुर में दोस्त ने ही की गुमशुदा बालक की हत्या, मोबाइल छीनने के लिए दिया वारदात को अंजाम
पुलिस ने चंद दिनों में हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपी को किया गिरफ्तार
रतनपुर । थाना रतनपुर क्षेत्र के ग्राम भरारी में एक नाबालिग बालक की गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने मोबाइल फोन लूटने की नीयत से हत्या करने वाले मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
दिनांक 01 अगस्त को प्रार्थी धनंजय सूर्यवंशी ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका नाबालिग भतीजा दिनांक 31 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया है और अपने साथ मोबाइल फोन भी ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर अपहरण का अपराध दर्ज कर गुमशुदा बालक की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने लगातार संभावित स्थानों में छानबीन की और टेक्निकल इंटेलिजेंस की मदद ली। इसी दौरान गुम बालक का शव ग्राम भरारी स्थित एक स्कूल के बंद कमरे से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि मृतक के पास मोबाइल रहता था और उसका दोस्त छत्रपाल सूर्यवंशी (19 वर्ष) निवासी भरारी, मृतक के मोबाइल पर नजर रखता था।
टेक्निकल इनपुट के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने खुलासा किया कि गेम खेलने के लिए उसके पास मोबाइल नहीं था, इसी कारण उसने मृतक से मोबाइल छीनने की नीयत से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत जुटाकर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान, उपनिरीक्षक मेलाराम कठौतिया, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे, प्र.आर. बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चंद्राकर, आकाश डोंगरे एवं धनराज कुम्भकार की अहम भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
