विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर बिजराकछार में निशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित
74 बैगा जनजाति के लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, सभी रिपोर्ट निगेटिव
मुंगेली । विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर 28 जुलाई 2025, सोमवार को विकासखंड लोरमी के वनांचल ग्राम बिजराकछार में एक दिवसीय निशुल्क हेपेटाइटिस जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन में तथा जिला पंचायत के सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे और जिला नोडल अधिकारी डॉ. शिवपाल सिंह सिदार की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर में विशेष रूप से आदिवासी बैगा जनजाति के 74 लोगों की हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच के साथ-साथ बीपी, शुगर, टीबी व एचआईवी की भी जांच की गई। राहत की बात यह रही कि सभी लोगों की हेपेटाइटिस बी एवं सी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई।
जागरूकता के लिए दिया गया संदेश
इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने हेपेटाइटिस से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से बचने के लिए लोगों को स्वच्छ और उबला हुआ पानी पीना चाहिए, भोजन से पहले और शौच के बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोना चाहिए तथा खुले में शौच नहीं जाना चाहिए। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि टैटू या गोदना बनवाते समय नई सुई (निडिल) का ही उपयोग करें। कान या नाक छिदवाते समय भी स्वच्छ उपकरणों का प्रयोग आवश्यक है।
डॉक्टरों ने लक्षणों और संक्रमण के स्रोतों की दी जानकारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि हेपेटाइटिस बी और सी वायरस के संक्रमण से फैलने वाली बीमारियाँ हैं। इनके मुख्य लक्षण हैं—बुखार और थकान, भूख की कमी, उल्टी, त्वचा में खुजली, गहरे रंग का पेशाब, और शरीर में दर्द।
संक्रमण के प्रमुख स्रोतों में असुरक्षित इंजेक्शन, संक्रमित सुई या रेजर का बार-बार उपयोग, संक्रमित रक्त का संपर्क, असुरक्षित यौन संबंध, तथा संक्रमित मां से नवजात शिशु में वायरस का संक्रमण शामिल है।
नवजातों के लिए विशेष टीकाकरण की जानकारी
डॉ. साहा ने बताया कि हेपेटाइटिस बी पॉजिटिव माताओं से जन्मे शिशुओं को जन्म के 24 घंटे के भीतर हेपेटाइटिस बी वैक्सीन के साथ-साथ इम्यूनोग्लोबिन (HBIG) इंजेक्शन देना अनिवार्य है, ताकि संक्रमण से बचाव हो सके।
सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क सुविधा उपलब्ध
जनसामान्य को यह भी बताया गया कि हेपेटाइटिस बी और सी की निशुल्क जांच, परामर्श, उपचार और टीकाकरण की सुविधा जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर समय पर जांच कराएं और आवश्यक सलाह लें।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
