कुतुब मीनार से ऊँचा जैतखाम सतनामी समाज का गौरव – सीएम साय
रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सतनामी समाज के नवनिर्वाचित प्रदेश पदाधिकारियों के शपथग्रहण समारोह में सम्मिलित हुये। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनायें देते हुये कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूलमंत्र है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिये हम सबको मिल-जुलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में गिरौदपुरी धाम में कुतुब मीनार से भी ऊँचा जैतखाम निर्मित करने के साथ ही अनेक विकास कार्य भी संपन्न हुये। इससे ना केवल समाज का गौरव बढ़ा है , बल्कि सतनामी समाज को वैश्विक पहचान भी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इसी अनुरूप हमारी सरकार ने भी छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने का संकल्प लिया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि बाबा गुरु घासीदासजी के आशीर्वाद से यह संकल्प अवश्य पूर्ण होगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राजधानी रायपुर में सतनामी समाज के बहुद्देशीय भवन निर्माण हेतु एक करोड़ रुपये की घोषणा की। इसके अतिरिक्त गिरौदपुरी स्थित मड़वा महल के शेष अधूरे कार्यों की पूर्णता हेतु पचास लाख रुपये की मंजूरी भी प्रदान की गई। उन्होंने समारोह में सम्मानित हो रहे प्रतिभावान विद्यार्थियों को पाँच–पाँच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर कक्षा दसवीं और बारहवीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सतनामी समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनायें देते हुये कहा कि जब समाज के पदाधिकारी प्रतिबद्धता , निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते हैं तो समाज की विश्वसनीयता बढ़ती है और समरसता के साथ समाज प्रगति की दिशा में अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि टीम भावना से कार्य करने पर रचनात्मक प्रयासों को बल मिलता है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि बाबा गुरु घासीदासजी के आशीर्वाद से उन्हें सार्वजनिक जीवन के इन चालीस वर्षों में विधायक , सांसद , मंत्री , मुख्यमंत्री और अब विधानसभा अध्यक्ष जैसे विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने का अवसर मिला। बाबाजी का “मनखे-मनखे एक बराबर” का संदेश , श्वेत ध्वजा और श्वेत वस्त्र प्रदेश को शांति का प्रतीक बनाते हैं। पंथी नृत्य की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति भी विश्व में छत्तीसगढ़ की शांति व समरसता को स्थापित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी की सहभागिता और बाबा जी के आशीर्वाद से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश का सबसे विकसित राज्य बनेगा। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा , खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल , सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े , विधायक पुन्नूलाल मोहले , गुरु खुशवंत साहेब , प्रगतिशील सतनामी समाज के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एल.एल. कोसले ने भी संबोधित किया। इस शपथग्रहण समारोह में विभिन्न राज्यों के सतनामी समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अध्यात्म गुरुगण उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
