बिलासपुर जिले में एनडीपीएस के 109 मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण, कुल कीमत 85 लाख से अधिक
बिलासपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण मंगलवार को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में किया गया। कुल 109 प्रकरणों में जब्त 697.692 कि.ग्रा. गांजा, 42,592 नग एम्पुल, 73,822 कैप्सूल और 5,678 इंजेक्शन जिनकी कुल अनुमानित कीमत ₹85,62,029 थी, को नष्ट किया गया।

यह कार्यवाही सुधा बॉयो पावर प्रा.लि., मोहतराई स्थित भट्ठी में पूरी पारदर्शिता के साथ की गई। सभी प्रतिबंधित पदार्थों को जलाकर व रोलर के माध्यम से दबाकर नष्ट किया गया।
इस नष्टीकरण कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा किया गया, जो समिति के अध्यक्ष भी हैं। उनके साथ समिति के अन्य सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी एवं क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी बिलासपुर उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति ने न्यायालय की विधिवत अनुमति प्राप्त कर यह कार्रवाई सम्पन्न की।
यह कदम जिले में नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
