

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत जरहाभाठा स्थित मिनी बस्ती में मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक बिलासपुर पुलिस ने एक सघन छापेमारी अभियान चलाया। रात 12 बजे के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर पहले से चिन्हित संदिग्ध व्यक्तियों और ठिकानों पर दबिश दी।
अवैध शराब, घातक हथियार और आपराधिक तत्वों की धरपकड़
कार्रवाई के दौरान दर्जनभर से अधिक मकानों की तलाशी ली गई। पुलिस को कई घरों से अवैध गतिविधियों की जानकारी पहले से प्राप्त थी। दबिश के दौरान एक आरोपी के घर से 6.200 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और तीन आरोपियों से चाकू, छुरी और कत्ता जैसे घातक हथियार बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में डकैती, चाकूबाजी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
इस कार्रवाई में 9 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके नाम निम्नानुसार हैं:
1. मुकेश उर्फ गोला पिता दरबारी लाल (28 वर्ष)
2. देव सिदार पिता स्व. राज सिदार (20 वर्ष)
3. दीपक बंजारे पिता स्व. कृष्णा बंजारे (28 वर्ष)
4. अभिषेक डिगे पिता स्व. होरीलाल (24 वर्ष)
5. स्वराज कुर्रे पिता स्व. छन्नु लाल (19 वर्ष)
6. सुभाष कुर्रे पिता स्व. छन्नु लाल (22 वर्ष)
7. संतोष यादव पिता स्व. नथूराम (44 वर्ष)
8. साहिल कर्डे पिता स्व. छन्नु लाल (18 वर्ष)
9. राजा सिंह ठाकुर पिता स्व. सुनील सिंह (23 वर्ष)
कानूनी धाराओं में कार्रवाई
तीन आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत
एक आरोपी पर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत
पांच अन्य आरोपियों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराएं 170, 126, 135(3) और 129 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
अपराध पर नियंत्रण की दिशा में सतत अभियान
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान शहर में बढ़ते संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों और हथियारों की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए चलाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसी छापामार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।