चांपा पुलिस को बड़ी सफलता, बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, 10 मोटरसाइकिल बरामद
जांजगीर-चांपा। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चांपा पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 10 नग मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत ₹8 लाख है, बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
1. प्रिया चौहान उर्फ रोशन, पिता सुभाष भट्ट, उम्र 19 वर्ष, निवासी न्यू रेलवे कॉलोनी, थाना सिटी कोतवाली, कोरबा।
2. प्रमोद चौहान, पिता हरि राम चौहान, उम्र 19 वर्ष, निवासी न्यू रेलवे कॉलोनी, थाना सिटी कोतवाली, कोरबा।
घटना का विवरण:
दिनांक 6 जुलाई 2025 को एक व्यक्ति थाना चांपा पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक दिन पूर्व, 5 जुलाई को वह रेलवे स्टेशन चांपा गया था और अपनी मोटरसाइकिल को स्टेशन के बाहर खड़ा किया था। थोड़ी देर बाद लौटने पर उसने देखा कि मोटरसाइकिल वहां नहीं थी। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी।
थाना चांपा में चोरी का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। अपराध की गंभीरता को देखते हुए इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, और SDOP चांपा यदुमनी सिदार को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन स्थित RPF कार्यालय में लगे CCTV फुटेज की जांच की, जिसमें घटना के दिन दो संदिग्ध युवक स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखे। बारीकी से जांच करने पर यह स्पष्ट हुआ कि उन्हीं दोनों युवकों ने मोटरसाइकिल चोरी की है।
फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पता चला कि दोनों युवक ट्रेन में सामान बेचने का काम करते हैं और स्टेशन क्षेत्र में अक्सर घूमते रहते हैं। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया। नाम पूछने पर उन्होंने प्रिया चौहान उर्फ रोशन और प्रमोद चौहान निवासी कोरबा होना स्वीकार किया।
शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई, लेकिन गहन पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की वारदातें कबूल कर लीं। उन्होंने बताया कि वे अलग-अलग स्टेशनों में उतरकर सुनसान स्थानों में खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी करते थे।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 10 मोटरसाइकिलें, जिनकी अनुमानित कीमत ₹8 लाख है, बरामद की गईं। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
उक्त कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता,
उप निरीक्षक बेल्सज्जर लकड़ा,
सहायक उप निरीक्षक लम्बोदर सिंह,
आरक्षक मुद्रिका दुबे, आकाश कलोशिया, आदित्य सिंह, वीरेश सिंह, जैकब तिर्की — सभी का विशेष योगदान रहा।
चांपा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
