जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में आई तेजी
मुंगेली । मुंगेली जिले ने राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे और शैक्षिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन और सीमांकन जैसे विभिन्न राजस्व प्रकरणों के निराकरण में महत्वपूर्ण सुधार दिखाया है। साथ ही, स्कूलों में पुस्तक वितरण और स्कैनिंग प्रक्रिया में भी जिला राज्य स्तर पर दूसरे स्थान पर है। शासन के निर्देशों के अनुसार राजस्व प्रकरणों के संवेदनशील और त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विशेष प्रयास किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। जिले के तीनों अनुविभागों के एसडीएम, तहसीलदार और अन्य राजस्व कर्मचारी पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं। सीमांकन के मामलों में जिले ने अच्छी प्रगति की है, पिछले सप्ताह के 13वें स्थान से अब यह सातवें स्थान पर आ गया है। खाता विभाजन के प्रकरणों में भी मुंगेली ने 13वें स्थान से सातवें स्थान पर छलांग लगाई है। विवादित नामांतरण के निराकरण में भी जिला पांचवें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। यह प्रगति जिले के राजस्व प्रशासन की दक्षता और नागरिकों को समय पर सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
शैक्षिक मामले पर भी मुंगेली जिले ने सराहनीय कार्य किया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने शिक्षा अधिकारियों को सभी स्कूलों में शत-प्रतिशत पुस्तक वितरण और स्कैनिंग सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश दिए थे। उन्होंने स्वयं लगातार स्कूलों का दौरा कर पुस्तक वितरण व्यवस्था, स्कैनिंग प्रक्रिया और स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। पुस्तकों के वितरण और स्कैनिंग प्रक्रिया में मुंगेली जिला अब राज्य में दूसरे स्थान पर है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री सी. के. धृतलहरे ने बताया कि जिले के 1,070 प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूलों में 3 लाख 89 हज़ार से अधिक किताबें भेजी जा चुकी हैं। पहली से दसवीं कक्षा के 1,036 स्कूलों में 3 लाख 41 हज़ार 808 पुस्तकों की स्कैनिंग कर उनका वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन बच्चों का भविष्य गढ़ने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी सजगता, तत्परता और संवेदनशीलता से कार्य कर रहा है, जिससे स्कूलों में बेहतर व्यवस्थाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित हो सके। यह दर्शाता है कि मुंगेली जिला न केवल प्रशासनिक दक्षता में बल्कि बच्चों की शिक्षा और भविष्य निर्माण में भी गंभीरता से निवेश कर रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
