October 19, 2026

खून से सना शव देख गांव में मचा हड़कंप, कुल्हाड़ी से वार कर बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या

0
IMG-20250619-WA0624.jpg

बिलासपुर/कोटा| कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदूर में बुधवार शाम एक बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को घर से करीब 100 मीटर दूर खार में फेंक दिया। खून से लथपथ शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान 60 वर्षीय कुंवरिया बाई के रूप में हुई है, जो पिछले 15 वर्षों से अकेले रह रही थी। बुधवार को जब ग्रामीण खेत की ओर गए, तो खार में महिला का रक्तरंजित शव देखा। तुरंत ही घटना की सूचना कोटा पुलिस को दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी (ग्रामीण) अर्चना झा और एसडीओपी नुपुर उपाध्याय मौके पर पहुंचीं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने जुटाए, वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से देर रात तक हत्यारे की तलाश चलती रही। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या धारदार हथियार से की गई है।

फिलहाल पुलिस मृतका की बहन और उसके बेटों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा उन लोगों की तलाश की जा रही है जो घटना के बाद से गांव में दिखाई नहीं दिए हैं। गांव में दहशत का माहौल है, वहीं कुछ ग्रामीणों ने पारिवारिक विवाद की आशंका भी जताई है।

कोटा थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने गांव के लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी कोई संदिग्ध गतिविधि या जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को दें, ताकि आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed