October 20, 2026

शाला प्रवेशोत्सव: कलेक्टर व एसपी ने धरमपुरा स्कूल का किया औचक निरीक्षण

0
IMG-20250616-WA0695.jpg



मुंगेली । राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के शासकीय स्कूलों में हर्षाेल्लास और गरिमामयी वातावरण में शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों का गुलाल लगाकर, पुष्पाहार और पाठ्यपुस्तक प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया। शाला प्रवेशोत्सव के तहत कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मुंगेली विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धरमपुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, पठन-पाठन व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और पाठ्यपुस्तक वितरण सहित तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
       कलेक्टर ने विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त किया और पूछा कि स्कूल का पहला दिन उन्हें कैसा लग रहा है। उन्होंने बच्चों से विद्यालय की कमियों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को कंफर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर पढ़ाई में जुटने और शिक्षा को जीवन परिवर्तन का माध्यम मानने की सलाह दी। कलेक्टर ने कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए सतत पढ़ाई और आत्म अनुशासन की प्रेरणा दी। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और प्राचार्य को स्कूल को स्वच्छ एवं अनुशासित बनाए रखने एवं शिक्षकों को अध्यापन की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और सभी शिक्षकों को अपने कार्यों के प्रति पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए।
        पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वे स्वयं भी सात वर्षों तक शिक्षक रहे हैं। उन्होंने बच्चों से गहरे भावनात्मक जुड़ाव के साथ बातचीत करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई ही शिक्षकों के वेतन और सम्मान का आधार है। बच्चों द्वारा पिछली कक्षा में पाठ्यक्रम अधूरा रहने की बात बताने पर शिक्षकों से कहा कि वे निर्धारित समय-सीमा में पूरा पाठ्यक्रम संपन्न कराएं। यदि आप किसी बच्चे के जीवन में उजाला लाते हैं, तो आपके जीवन में भी कई गुना रोशनी स्वतः आ जाती है। उन्होंने कठिन विषयों में अधिक फोकस और नवाचारात्मक शिक्षण के निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय ने स्कूल परिसर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए रखे ई-रिक्शा को देखकर नाराजगी जाहिर की और ग्राम पंचायत सचिव एवं सरपंच को निर्देशित किया कि ग्राम को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की दिशा में तत्काल कार्यवाही करें। साथ ही विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने हेतु पौधरोपण की योजना तैयार करें। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed