October 28, 2026

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया ‘मुंगेली व्यापार मेला-2026’ के ब्रॉशर का विमोचन।  व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन का सजेगा महाकुंभ

0
IMG-20261028-WA0175



मुंगेली। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘मुंगेली व्यापार मेला-2026’ के ब्रॉशर का विमोचन किया। पिछले दस वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा ‘मुंगेली का त्यौहार’ इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। सात दिवसीय यह भव्य मेला 27 नवंबर से 03 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा।

इस अवसर पर स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली के प्रतिनिधिमंडल ने न्यू सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री साव से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मेले का आमंत्रण पत्र सौंपते हुए उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। इस पर श्री साव ने कार्यक्रम में उपस्थित होने का आश्वासन देते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ब्रॉशर विमोचन के अवसर पर आयोजन समिति के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर, सह-संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव सहित सूरज मंगलानी, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, कोमल चौबे, संदीप सिंह एवं राहुल मल्लाह उपस्थित रहे।

लगातार दस वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर चुका ‘मुंगेली व्यापार मेला’ आज जिले के साथ ही प्रदेश की पहचान और जन-आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। यह आयोजन व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के साथ स्थानीय उद्यमियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा नए व्यवसायियों को अपने उत्पादों और प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है।

इस वर्ष मेले में देशभर के विभिन्न उत्पादों के साथ हस्तशिल्प, टेराकोटा, खादी एवं ग्रामोद्योग, बस्तर आर्ट, महिला गृह उद्योग, हर्बल उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऑटोमोबाइल और लघु-कुटीर उद्योगों से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी मेले का हिस्सा होंगे।

व्यापारिक गतिविधियों के साथ मेले में प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। मनोरंजन से भरपूर झूला घर, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां और छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला-संस्कृति की झलक मेले को खास बनाएगी। यह आयोजन बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए मनोरंजन का आकर्षक केंद्र बनने के साथ जिलेवासियों को आपसी मेल-मिलाप और उत्सव का अवसर भी प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed