मुंगेली-बिलासपुर रोड के डिवाइडर पर कालिख पोत रहा PWD: काले पेंट में जला हुआ मोबिल ऑयल मिलाने का आरोप, गुणवत्ता पर उठे सवाल*
ठेकेदार कर रहा भारी भ्रष्टाचार, करोड़ों की सड़क पर लीपापोती, अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप*
*मुंगेली।* मुंगेली-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर बने डिवाइडरों पर PWD विभाग द्वारा कराए जा रहे पेंट कार्य में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप सामने आया है। विभाग द्वारा डिवाइडर पर काले रंग के पेंट की जगह जले हुए इंजन ऑयल (मोबिल) को मिलाकर पेंट किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बताया कि पेंट करने के दौरान तेज दुर्गंध आ रही है और पेंट की जगह काला जला हुआ तेल जैसा पदार्थ डिवाइडर पर लगाया जा रहा है, जो कुछ ही दिनों में बारिश और धूप में उखड़ जाएगा। बताया जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा शासन से अच्छी क्वालिटी के पेंट के नाम पर राशि ली जा रही है, लेकिन मौके पर सस्ते जले हुए ऑयल को काले पेंट में मिलाकर लगाया जा रहा है।
इस घटिया निर्माण कार्य से PWD विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। करोड़ों की लागत से बनी सड़क के डिवाइडर पर इस तरह की लीपापोती से न सिर्फ सुंदरता खराब हो रही है, बल्कि रात में रिफ्लेक्टर का काम भी नहीं होगा, जिससे हादसे की आशंका बनी रहेगी।
राहगीरों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों की मिलीभगत के बिना ठेकेदार इतनी बड़ी लापरवाही नहीं कर सकता। जिला प्रशासन को इस पूरे मामले की जांच कर ठेकेदार पर कार्रवाई करनी चाहिए।
*वर्जन*
इस मामले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एसडीओ मनोज जैन ने कहा कि संबंधित निर्माण कार्य के संबंध में ठेकेदार से जानकारी ली जाएगी। कार्य की स्थिति, गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों के पालन की जानकारी प्राप्त करने के बाद मामले की जांच की जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
