जमानत के लिए मांगे एक लाख, इंकार पर हत्या और तांत्रिक क्रिया की धमकी; चार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर जमानत के नाम पर एक लाख रुपये की मांग ने विवाद को खौफनाक रंग दे दिया। रकम देने से इनकार हुआ तो हत्या की धमकी के साथ तांत्रिक पूजा कर नुकसान पहुंचाने की बात कही गई। शिकायत के बाद तोरवा पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला थाना तोरवा के अपराध क्रमांक 427/2026 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओम बोले का भाई प्रियांशु बोले एक आपराधिक प्रकरण में चालानी कार्रवाई के बाद जेल गया था। इसी बात को लेकर ओम बोले और उसके साथियों ने संबंधित पक्ष से कहा कि प्रियांशु की कोर्ट से जमानत कराने में काफी पैसा खर्च हुआ है। इसके बाद कथित तौर पर एक लाख रुपये की मांग रखी गई। रकम नहीं देने पर मां-बहन की गाली देते हुए इस बार हत्या कर देने की धमकी दी गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने यहीं बात खत्म नहीं की। धमकाते हुए कहा गया कि पैसे नहीं मिले तो तांत्रिक पूजापाठ कर भाई की जमानत करा लेंगे और तांत्रिक क्रिया के जरिए सामने वाले परिवार पर भगवान का प्रकोप पड़ेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरवा पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें 10 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों में ओम बोले पिता अरुण बोले, 23 वर्ष, दयालबंद; तरुण बजाज पिता राजेश कुमार, 27 वर्ष, चिल्ड्रन अस्पताल के पास तोरवा; मोहम्मद इसरार पिता शेख मकबूल, 22 वर्ष, सफेदखदान तोरवा; ऋषिकेश कुमार पिता राजेश कुमार, 28 वर्ष, जगमल चौक तोरवा शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 354, 308, 3(5) बीएनएस तथा धारा 7 छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई करेगी। बहरहाल, जमानत के लिए रकम मांगने से शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आपराधिक कार्रवाई तक पहुंच गया है। पुलिस की कार्रवाई ने धमकी देकर दबाव बनाने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है कि भय पैदा कर रकम ऐंठने की कोशिश पर कानून का शिकंजा कसना तय है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
