फ्रुटी के पैकेट में मिली फंगस जैसी संदिग्ध वस्तु, बच्ची अस्पताल में भर्ती
धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। करेलीबड़ी गांव में एक मासूम बच्ची द्वारा खरीदी गई फ्रूटी के पैकेट में फंगस जैसी संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, खाद्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची ने गांव के एक जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह जूस पी रही थी, तभी परिजनों की नजर पैकेट के अंदर पड़ी। पैकेट में कोई संदिग्ध वस्तु या फंगस जैसी सामग्री तैरती हुई दिखाई दी। इसे देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने संबंधित जनरल स्टोर से फ्रूटी के सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि संबंधित उत्पाद किस डीलर या थोक विक्रेता के माध्यम से दुकान तक पहुंचा था।
इस घटना के बाद खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं बाजार में नकली उत्पाद तो नहीं बेचे जा रहे हैं, या फिर उत्पादों के भंडारण और रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पैकेट में फंगस जैसी वस्तु मिलने की शिकायत मिली है। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित विक्रेता और सप्लाई चेन की भी जांच की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
