राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा : प्रशिक्षण शिविर में होंगे शामिल, जिला अध्यक्षों से करेंगे सीधा संवाद
रायपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों का मेगा ट्रेनिंग कैंप लगने वाला है. 21 जून से शुरू होने वाला यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम अभनपुर स्थित मंगल भवन में आयोजित होगा. शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे. इस संबंध में एआईसीसी के प्रभारी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पीसीसी समेत सभी जिला अध्यक्षों को पत्र के जरिए सूचित कर दिया है.
प्रशिक्षण सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सभी जिला अध्यक्षों से सीधे संवाद भी करेंगे. इस दौरान संबंधित जिलों की राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी भी लेंगे. संगठन में इस बात की चर्चा है कि प्रशिक्षण सत्र के बाद जिला कांग्रेस कमेटियों को व्यापक अधिकार दिया जाएगा. ऐसी स्थिति में स्थानीय हालातों के मुताबिक फैसले लेने का दायरा भी बढ़ेगा. वहीं वे सीधे एआईसीसी के संपर्क में रहेंगे. एक तरह से जिला अध्यक्षों को ताकतवर बनाते हुए पूरे संगठन को प्रभावी बनाया जाएगा.

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
