पड़ाव चौक स्थित गुरु कृपा मोबाइल शॉप में लगी आग
30 से 40 मिनट तक धधकती रही दुकान, दमकल वाहन के देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी
मुंगेली। शहर के पड़ाव चौक स्थित गुरु कृपा मोबाइल शॉप में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के व्यापारियों और लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के करीब 30 से 40 मिनट बाद तक भी दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच पाया था। इसे लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि समय पर फायर बिग्रेड पहुंच जाती तो नुकसान को कम किया जा सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने का प्रयास करते रहे। आग लगने के कारण दुकान के भीतर रखे मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पुलिस एवं प्रशासनिक टीम के पहुंचने की भी जानकारी सामने आ रही है।
स्थानीय व्यापारियों ने शहर में फायर बिग्रेड व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की मांग की है ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत मिल सके। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा रही।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
